श्रीनगर (महोबा)। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से बिजली उपकेंद्र श्रीनगर की मुख्य हाईटेंशन लाइन में कई जगह फॉल्ट हो गए। इंसुलेटर फुंकने से 30 गांवों की बिजली गुल हो गई।
पूरी रात बिजली न आने से लोग परेशान रहे और अंधेरे में जन्माष्टमी का पर्व मना। 12 घंटे बाद मंगलवार की सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
सोमवार की रात करीब आठ बजे तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे सिजहरी फीडर से जुड़े 13 गांव, भंडरा फीडर के 12 व पिपरामाफ से जुडे पांच गांवों की बिजली गुल हो गई।
पूरी रात बारिश होने से कर्मचारी लाइन दुरुस्त नहीं कर सके। सुबह कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट ढूंढ़े इसके बाद सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर पूरी रात बिजली गुल रहने से लोगों में आक्रोश दिखा। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। उधर बिजली विभाग के अवर अभियंता देवकीनंदन आर्य का कहना है कि कर्मचारियों को लगाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई।
बिजली गिरने से दो लोग झुलसे
श्रीनगर/अजनर। जिले में दो स्थानों पर बिजली गिरने से दो लोग झुलस गए जबकि दो भैंसों की मौत हो गई। थाना श्रीनगर के बिलखी निवासी हरगोविंद और सोहन रात करीब दस बजे बिजली न आने के चलते दरवाजे पर मोबाइल की टॉर्च जलाकर बैठे थे।
तभी बिजली गिरने से दोनों झुलस गए। जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह थाना अजनर के महुआबांध निवासी भागीरथ के पशुबाड़े में बिजली गिरने से दो भैंसों की मौत हो गई। पीड़ित ने डेढ़ लाख से अधिक की क्षति होने की राजस्व विभाग को सूचना दी है। (संवाद)