क्षेत्र के युवाओं ने अनूठी पहल करते हुए शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने का बीड़ा उठाते हुए ग्राम भटेवरा खुर्द को गोद लिया है। संस्था यहां स्वास्थ्य व शिक्षा के स्तर को सुधारने का काम करेगी। सोमवार को संस्था ने गांव में स्वास्थ्य तथा शिक्षा शिविर लगाया। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों ने करीब तीन सौ मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में संस्था के सदस्यों ने एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों को नि:शुल्क गर्म कपड़ों का भी वितरण किया।
नगर के दो दर्जन से अधिक शिक्षा व स्वास्थ्य जगत से जुड़े युवाओं ने स्वयंसेवी संगठन श्रमिन का गठन किया है। श्रमिन के बैनर तले संस्था ने निकटवर्ती ग्राम भटेवरा खुर्द का चयन कर पहला स्वास्थ्य व शिक्षा शिविर का आयोजन किया। चिकित्सा शिविर में डा. प्रभा गुप्ता एवं डा. दीपिका ने 84 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
डॉक्टरों ने महिलाओं को खानपान, पोषण व स्वच्छता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डा. एपी वर्मा, डॉ. सौरभ खरे, डॉ. आशीष खरे, डॉ. करीम बख्श एवं डॉ. सतनपाल सिंह ने पुरुषों व बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में 249 मरीजों की जांच के उपरांत मरीजों को दवा वितरित की गई।
स्वास्थ्य शिविर में भटेव के अलावा सेला खालसा के मरीज भी पहुंचे। गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान गौरीशंकर प्रजापति ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में आनंद द्विवेदी ने शिक्षा को विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि गांववासी शिक्षा के लिए सजग व तत्पर रहे एवं बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजे।
पंकज अग्रवाल ने कहा कि संस्था समय-समय पर गांव में चिकित्सा और शिक्षा से संबंधित शिविर लगाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के अलावा शिक्षा के प्रति भी निपुण बनाएगी।