संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। प्रदेेश की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते कोरोना संकट बढ़ने, किसानों, नौजवानों, बुनकरों व समाज के दूसरे वर्गों की उपेक्षा और महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने जिले भर में धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। साथ ही चेतावनी दी कि अन्ना जानवरों की समस्या और बिजली संकट दूर नहीं हुआ तो सपाई शांत नहीं बैठेंगे।
शहर के आल्हा चौक स्थित अंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने इंद्रकांत हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने और उर्द-मूंग की बर्बाद हुई फसल का मुआवजा दिलाने की भी मांग की। धरना सपा जिलाध्यक्ष प्रान सिंह यादव, शाहिद अली राजू और योगेश योगी के नेतृत्व में दिया गया। बाद में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राजेश यादव को सौंपा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष कुंभकरण यादव, शोभालाल यादव, राजकुमार अहिरवार, देवकरन मिश्रा, मुकेश यादव, पूर्व जिला महासचिव हामिद अली, महिला सभा की जिलाध्यक्ष अवध किशोरी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत के नेेतृत्व में आधा दर्जन कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बाद में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राकेश कुमार को सौंपा। इस मौके पर करन राजपूत, नियाज मोहम्मद, रामकिशोर, वसीम खान, शेख गफ्फार, जीतेंद्र यादव सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार तहसील कुलपहाड़ में सपा के वरिष्ठ नेता रामजीवन यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्र सिंह यादव, महासचिव शाकिर खान, पूर्व जिलाध्यक्ष अजयराज यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ-प्रदर्शन कर विरोध जताया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मोहम्मद उवैस को सौंपा। ज्ञापन में सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और हो रहे घोटालों को बंद कराए जाने की मांग की। ज्ञापन में बिजली, पानी की समस्या और किसानों को फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। इस मौके पर धीरेंद्र यादव, भागीरथ यादव, रहीस यादव, मुकेश चौबे सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।