विजेता टीम के कप्तान को शील्ड देते मुख्य अतिथि
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। कस्बे के नेहरू इंटर कालेज खेल मैदान में मेला महोत्सव में रविवार को दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मैच में खुड़ा दरियार की टीम ने सिलालपुुरा की टीम को तीन अंकों से हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया। आधा घंटे तक चले कड़े मुकाबले के बाद खुड़ा दरियार की टीम 18 अंक पाकर विजेता और सिलालपुरा की टीम 15 अंक पाकर उपविजेता बनी। कबड्डी दखेने के लिए देर शाम तक ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।
कस्बा पनवाड़ी में मेला महोत्सव के मौके पर आयोजित की गई दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के अंतिम दिन पहला सेमीफाइनल मैच सिलालपुरा और स्वासा की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें सिलालपुरा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वासा की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मैच खुड़ा दरियार और परापांतर की टीम के बीच खेला गया। जिसमें खुड़ा दरियार की टीम ने परापांतर की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
देर शाम को खुड़ा दरियार और सिलालपुरा टीमों के बीच कबड्डी के फाइनल मैच की शुरुआत एहसान मोहम्मद ने टॉस उछालकर कराई। दोनों टीमें कांटे की होने के कारण आधा घंटे तक कबड्डी का मुकाबला चलता रहा। दोनों टीमें अंक बनाकर ऊपर-नीचे होती रही। अंत में खुड़ा दरियार की टीम नें तीन अंकों से सिलालपुरा टीम को हरा दिया। टीम के निर्णायक बद्रीप्रसाद सेन और प्रेम सिंह झांसी रहे। विजेता टीम के कप्तान को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय विक्रम परिहार ने शील्ड देकर सम्मानित किया।