महोबा। उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से महाकुंभ को लेकर चल रहीं स्पेशल ट्रेनों का संचालन 10 दिन के लिए निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा खजुराहो-महोबा ट्रेन भी स्थगित की गई है। इसको लेकर रेलवे की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को लेकर रेलवे की ओर से झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर दो रिंग रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा था। गाड़ी संख्या 01803 रिंग रेल स्पेशल का संचालन झांसी, चिरगांव, मोंठ, एट, उरईगोविन्दपुरी, बिंदकी रोड, प्रयागराज, चित्रकूटधाम कर्वी, बांदा, महोबा, ओरछा के बीच किया जा रहा है जबकि गाड़ी संख्या 01804 रिंग रेल स्पेशल ट्रेन झांसी, महोबा, बांदा, मानिकपुर, प्रयागराज, भीमसेन, चिरगांव के बीच चल रही थी। रेल मंडल झांसी के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि परिचालन संबंधी कारणों से यह ट्रेन 18 से 28 फरवरी तक निरस्त रहेंगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 51821 व 51822 खजुराहो-महोबा ट्रेन भी निरस्त रहेगी।