अखिलेश यादव को चुनाव चिन्ह साइकिल मिलने के बाद सपाइयों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। हालांकि सपा कार्यालय में दरवाजा बंद मिला। सपा समर्थकों ने प्रत्यशियों की घोषणा के बाद चुनाव प्रचार में निकलने की रणनीति बना ली है।
सपा में घमासान के चलते मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव ने स्वयं को राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए चुनाव आयोग में अपील कर साइकिल निशान की मांग की थी। करीब 15 दिन तक चली खींचतान के चलते 16 जनवरी को चुनाव आयोग ने अखिलेश को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करते हुए साइकिल निशान दे दिया।
मंगलवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव के आवास पर अखिलेश को साइकिल निशान मिलने पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। सपा विधायक उर्मिला राजपूत का कहना है कि उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
22 जनवरी तक क्षेत्र में कार्यालय खोल लिए जाएंगे। सपा जिलाध्यक्ष कुंभकरण यादव का कहना है कि प्रचार जारी है। उधर, पूर्व अध्यक्ष बाबू मंसूरी, शोभालाल यादव, अजय राज यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश यादव का कहना है कि कौन कहां प्रचार करेगा इसकी सूची तैयार कर ली गई है।
अब अखिलेश यादव प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी करेंगे। इसके बाद चुनाव प्रचार अभियान में निकलेंगे। इस मौके पर नगर अध्यक्ष शाहिद अली राजू, वंशगोपाल यादव, अशरफ खान, ताहिरउद्दीन आदि मौजूद रहे।