महोबा। शहर में सरकारी व काश्तकारों की बेशकीमती भूमि पर दबंग कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिम्मेदार अधिकारी कागजों पर खानापूरी कर मामलों का निस्तारण कर रहे हैं। जिससे काश्तकार परेशान है और अफसरों के चक्कर लगाने के बाद थक हार कर घर बैठने को मजबूर है।
शहर के मोहल्ला सराफीपुरा निवासी राजेंद्र कुमार चतुर्वेदी की रेलवे स्टेशन के पास पैतृक कृषि भूमि है। इस पर कबूतरा जाति के लोगों का अवैध कब्जा हैं। पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत कई बार तहसीलदार व पुलिस से की पर कब्जा नहीं हटा। समाधान दिवस में जिलाधिकारी डीएम ने जांच के आदेश दिए। कानूनगो ने मौके पर पहुंच जांच की और वापस लौट आए। कब्जा न हटने पर पीड़ित ने दोबारा डीएम को मामला बताया। जिस पर उन्होंने एसडीएम को जांच के आदेेश दिए लेकिन आज तक कब्जा नहीं हटा। बुधवार को पीड़ित किसान ने पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने शहर कोतवाल अनूप कुमार दुबे को तत्काल कब्जा हटवाने के आदेश दिए हैं। संवाद