खरेला (महोबा)। थाना खरेला के ग्राम पहरेथा में पिता द्वारा डांट फटकार कर स्कूल भेजने से नाराज छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे में झूलता पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम पहरेथा के मजरा अतरौली निवासी अभिषेक (11) पुत्र धर्मेंद्र सिंह पहरेथा के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा छठवीं का छात्र था। पिता धर्मेंद्र ने बताया कि एक जुलाई से स्कूल खुलने के बाद भी वह पढ़ने नहीं जा रहा था। शुक्रवार की सुबह उन्होंने डांट दिया और स्कूल जाने को कहा। जिसके बाद अभिषेक घर से बस्ता लेकर स्कूल निकल गया। कुछ देर बाद उन्हें बेटे का शव पेड़ पर लटके होने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।