महोबा। नगर पालिका परिषद महोबा बोर्ड की पहली बैठक में नगर के विकास के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव स्वीकृत हुए। पालिकाध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया ने अपने संकल्प पत्र में की घोषणा के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर फतेहपुर बजरिया में बरातघर बनवाने का प्रस्ताव रखा। जिस पर सदन की आम सहमति बनी।
पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड की बैठक में नगर के ऐसे क्षेत्र जो अंधकार में डूबे हुए हैं, उन क्षेत्रों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए एक हजार विद्युत पोल व एक हजार एलईडी लाइट क्रय किए जाने के प्रस्ताव पास हुए। साथ ही एक हजार अतिरिक्त एलईडी लाइटों की खरीद की जाएगी। वार्डों के प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों में प्रकाश व्यवस्था करने के लिए 500 सोलर लाइट क्रय किए जाने का प्रस्ताव पास हुआ।
नगर के 25 वार्डों में 20-20 स्थानों पर सोलर लाइटें लगाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ। पालिका की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से नगर में पालिका की ओर से निर्मित कराई गईं दुकानों का पुन: मूल्यांकन कराने के मुद्दे पर प्रस्ताव सर्व सहमति से स्वीकृत किया गया। सभासदों की ओर से अपने-अपने वार्डों में विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाने के प्रस्ताव पालिका की प्रथम बोर्ड बैठक में स्वीकृत किए गए। पालिकाध्यक्ष कहा कि नगर में विकास कार्य कराए जाने पर किसी भी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। बल्कि विकास कार्य तीव्र गति से कराए जाएंगे। ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महोबा। नगर के ई-रिक्शा चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कीरत सागर के नीचे व पुराने प्राइवेट बस स्टैंड में दो चार्जिग प्वाइंट बनाने का प्रस्ताव पालिका बोर्ड में पारित किया गया। सभासद शैलेंद्र कुमार पांडेय के पालिका कार्यालय परिसर में सोलर प्लांट लगवाए जाने के प्रस्ताव पर सदन ने आम सहमति व्यक्त की। इस मौके पर ईओ अवधेश कुमार, सभासद रजनी, देवकीनंदन, आमिर खान, ललित पटेल, सुनीता, आनंद, फरमान अली आदि मौजूद रहे।