विकास खंड पनवाड़ी के ग्राम गगौरा में आग लगने से आधा दर्जन घर जलकर
राख हो गए। ग्रामीणों की एक घंटा मशक्कत के बाद भी आग पर काबू न पाने पर
ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल जवानों ने
ग्रामीणों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया तब तक छह घरों की संपत्ति
जलकर राख हो गई।
ग्राम गगौरा निवासी लाल दिवान के मकान के पीछे पड़े कूड़े में आग होने से निकली चिंगारी ने मकान को चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते देख ग्रामीण एकजुट होकर दौड़ पड़े और आग बुझाने लगे। लेकिन देखते ही देखते आग ने पड़ोसी राकेश, शिव कुमार और कल्लू सहित चार ग्रामीणों के मकानों को भी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलने पर ग्रामीण एकत्र होकर आग बुझाने में जुट गए। आग पर काबू होता न देख ग्रामीणों ने फायर स्टेशन महोबा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंचे दमकल विभाग के जवानों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक चारों मकान जल कर बर्बाद हो गए। इस अग्निकांड की घटना से गेहूं, मटर, चना, व अन्य गृहस्थी का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। कबरई प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बे के आजाद नगर निवासी रामनाथ पुत्र गबरू के पशुबाड़े में बुधवार की दोपहर अचानक आग लग गई। पशुबाड़े से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण दौड़ पड़े और आनन-फानन में आग बुझाने में जुट गए। लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पशुबाड़े से जुड़े मकान को भी चपेट में ले लिया। आग बुझाने में जुटे ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सात बकरियां, तीन बछड़े, 13 क्विंटल गेहूं, भूसा और गृहस्थी का सामान सहित डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी। सूचना पाकर पहुंचे कानूनगो नाथूराम ने घटनास्थल का मुआयना किया।