झांसी-मानिकपुर पैसेंजर में यात्रा कर रहे दो किशोरों को जहरखुरानों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर आठ हजार रुपए की संपत्ति पार कर दी और फरार हो गए। दोनाें किशोरों को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जनपद बरेली निवासी मुश्ताक 16 पुत्र दुर्जी अपने साथी रियाज 17 के साथ मंगलवार की रात झांसी-मानिकपुर पैसेंजर से बांदा जा रहा था। झांसी से ट्रेन चलते ही जहरखुरानाें ने उससे दोस्ती गांठ ली और रास्ते में उन्हें कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ खिला दिया। जिससे दोनों किशोर अचेत हो गए। जहरखुरानाें ने दोनाें किशोरों की जेब में पड़े दो हजार रुपए और दोनों के मोबाइल पार कर दिए और फरार हो गए। रात में ट्रेन महोबा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने दोनों किशोरों के अचेत होने की सूचना जीआरपी को दी। मौके पर पहुंचे जीआरपी जवानों ने दोनों किशोरों को अचेत अवस्था में ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।