-एडीएम ने एसआईआर के पिछड़ रहे कार्य को गति देने के लिए जनसेवा केंद्र संचालकों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। जिले में चल रहे मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) में अब जनसेवा केंद्र संचालक भी सहयोग करेंगे। जिले में जगह-जगह खुले जनसेवा केंद्रों के संचालकों को वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों में मतदाताओं के परिजनों के नाम और क्रमांक बताने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बृहस्पतिवार को बैठक में एडीएम ने इसको लेकर निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुंवर पंकज ने बृहस्पतिवार को सदर तहसील सभागार में एसआईआर कार्य को गति देने के लिए जनसेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय, जिला प्रबंधक सीएससी अनिल कुमार की मौजूदगी में जनसेवा केंद्र संचालकों को निर्देश दिए गए कि एसआईआर के कार्य में सभी जनसेवा केंद्र संचालक वर्ष 2003 की वोटरलिस्ट सर्च करने में मतदाताओं का सहयोग करें। मतदाताओं को वर्ष 2003 की वोटरलिस्ट में उनके माता-पिता, दादा-दादी आदि परिजनों का नाम खोजकर बताएंगें। इसके बाद मतदाता अपना एसआईआर फार्म आसानी से भर सकेंगे।
इंसेट
चार दिनों में जमा करें गणना प्रपत्र
फोटो 27 एमएएचपी 15 परिचय-निरीक्षण में बीएलओ को निर्देश देतीं डीएम गजल भारद्वाज। स्रोत: सूचना विभाग
महोबा। एसआईआर के कार्यों में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को महोबा विधानसभा के अंतर्गत शहर के नेहरू इंटर कॉलेज में संचालित चार बूथों, तहसील भवन कक्ष के बूथ और किसान सेवा केंद्र गल्ला मंडी बूथ के बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसआईआर कार्य में लगे सभी कर्मचारी कार्य करते मिले। डीएम ने कहा कि सभी लोग गणना फार्म भरकर नगर पालिका कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, कोटेदार और सहायक शिक्षकों के माध्यम से बीएलओ के पास आगामी चार दिनों में अवश्य जमा कर दें, जिससे चार दिसंबर तक सभी वैध मतदाताओं को ड्राफ्ट रोल में शामिल किया जा सके। इस मौके पर एसडीएम शिवध्यान पांडेय, तहसीलदार दिवाकर मिश्रा, इओ अवधेश कुमार आदि मौजूद रहे।
इंसेट
राजनैतिक दलों की बैठक, बीएलए भी जमा कराएं फार्म
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को राजनैतिक दलों के अध्यक्ष और प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर को लेकर बैठक की। इसमें जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, प्रतिनिधि की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी अपने क्षेत्र के मतदाताओं से गणना फार्म पर हस्ताक्षर करके संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं। इससे कार्य में प्रगति आएगी।
इंसेट
जिला स्तर पर बना कंट्रोल रूम, ऑनलाइन भी खोज सकते हैं वोटर लिस्ट
महोबा। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उप्र की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in/rollpdf/rollpdf.aspx व वोटर हेल्पलाईन एप के माध्यम से वोटर लिस्ट में अपना और परिजनों के नाम खोज सकते हैं। यदि किसी मतदाता का मोबाइल नंबर वोटर आईडी कार्ड से जुड़ा है तो वे अपना गणना फार्म ऑनलाईन भी भर सकते हैं। इसके बाद भी किसी मतदाता को गणना फार्म भरने में समस्या आती है तो जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम 05281-254918 और टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।