अजनर (महोबा)। कस्बे में चल रहे एपीएल टूर्नामेंट के तीसरे दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में शिवम इलेवन व दूसरे में सीएससी इलेवन ने जीत दर्ज की। क्रिकेट मैच देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
खेल मैदान में चल रहे टूर्नामेंट में मंगलवार को पहला मुकाबला शिवम इलेवन और अनमोल इलेवन के बीच खेला गया। इसमें अनमोल इलेवन ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी शिवम इलेवन की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में नौ विकेट खोकर 81 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अनमोल इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही। पूरी टीम 10 ओवर में ही 59 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इससे शिवम इलेवन ने यह मुकाबला 22 रनों से जीत लिया।
दूसरा मैच वन विभाग इलेवन व सीएससी इलेवन के बीच खेला गया। इसमें वन विभाग इलेवन ने टाॅस जीता और पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। सीएससी इलेवन के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट खोकर 111 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वन विभाग इलेवन की टीम की शुरुआत धीमी रही। पूरी टीम 96 रन बनाकर आउट हो गई। इससे सीएससी इलेवन ने 15 रन से यह मैच जीता। मैच के दौरान डॉ. बीके राजपूत, अमित कुमार, अभिजीत चंदेल, धर्मेंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।