तीन दिन से हो रही बारिश के कारण किसानों को यूरिया खाद की जरूरत है। शुक्रवार को पीसीएफ केंद्र में 900 बोरी और बीज गोदाम में 500 बोरी यूरिया खाद पहुंचने की भनक लगते ही हजाराें किसान खाद लेने पहुंच गए। पीसीएफ केंद्र में डेढ़ हजार से अधिक किसानों को देखते हुए अनहोनी की आशंका के चलते पीसीएफ गोदाम प्रभारी खालिक अहमद किसानाें को लेकर थाना श्रीनगर पहुंचे। वहां किसानों की लाइन लगवाकर बारी-बारी से एक से दो बोरी यूरिया खाद की पर्चियां वितरित की गईं। इसके बाद किसानों को पीसीएफ केंद्र से खाद दी गई।
उधर, बीज गोदाम में महज 500 बोरी खाद की उपलब्धता और अधिक किसानों के पहुंचने के कारण गोदाम प्रभारी ने थाना श्रीनगर में फोन कर पुलिस बुलवा ली। इसके बाद पुलिस कर्मियों की देखरेख में किसानों को लाइन में लगवाकर यूरिया का वितरण किया गया। खाद खत्म हो जाने के बाद तमाम किसानों को मायूस लौटना पड़ा। जरूरत के समय पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध न होने से किसानों में आक्रोश है। पीसीएफ केंद्र प्रभारी खालिक अहमद ने बताया कि किसानाें की भारी भीड़ को देखते हुए किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए थाना श्रीनगर से ही खाद का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि उपलब्धता के अनुसार किसानों को यूरिया खाद का वितरण किया जा रहा है।