महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के निर्देश पर स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षाएं 31 दिसंबर से शुरू होंगी। इस बार परीक्षा में जुलाई 2024 का नकल अध्यादेश लागू रहेगा।
इसके तहत नकल करते हुए पकड़ने जाने पर जुर्माना व जेल का प्रावधान है। परीक्षाएं 32 कैमरों की निगरानी में होंगी। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में यह परीक्षाएं तीन पालियों में कराई जाएंगी।
परीक्षाएं सुबह की पाली साढ़े आठ से 10:30 बजे तक, दोपहर की पाली 10:30 से 12:30 बजे तक होंगी। शाम की पाली 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होंगी। महाविद्यालय में परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
साथ ही वाॅइस रिर्काडर की व्यवस्था की गई है। गेट पर तलाशी के बाद ही छात्रों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। उधर, वीरभूमि कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू का कहना है कि विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ये परीक्षाएं विश्वविद्यालय की गाइडलाइन के अनुसार कराई जाएंगी।