महोबा। थाना महोबकंठ के पहाड़िया गांव में एक वैद्य से शराब छुड़ाने की दवा पीने के बाद युवक की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी पनवाड़ी ले गए। जहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पहाड़िया निवासी हरगोविंद (22) शराब पीने का आदी था। परिजन जनपद हमीरपुर के रोरो गांव निवासी एक वैद्य के यहां शराब छुड़ाने की दवा पिलाने ले गए थे।
आरोप है कि जैसे ही युवक ने दवा पी। उसकी हालत बिगड़ गई। उल्टियां होने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी ले गए। जहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता ऊदल सिंह ने बताया कि वैद्य की दवा पीने के बाद बेटे की हालत बिगड़ी और जान चली गई। थानाध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)