महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं मंगलवार को कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुईं। इस दौरान जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। सुरक्षा व सतर्कता के चलते परीक्षार्थी पीछे मुड़कर भी नहीं देख सके।
शहर के वीरभूमि महाविद्यालय में दोपहर की पाली में बीएससी चौथे सेमेस्टर की भौतिक विज्ञान विषय व बीकॉम चौथे सेमेस्टर की इनकम टैक्स विषय की परीक्षा हुई। पंजीकृत सभी 90 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। किसी ने भी परीक्षा नहीं छोड़ी। इस दौरान महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर गेट सर्च के बाद ही परीक्षार्थी को कक्षाें में प्रवेश दिया गया। इसके बाद आंतरिक सचल दस्ते में शामिल सदस्यों ने कक्षों में पहुंचकर छात्रों की चेकिंग की।
उधर महाविद्यालय के प्राचार्य व परीक्षा के नोडल अफसर प्रो. सुशील बाबू ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोई भी नकलची नहीं मिला। उन्होंने परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को विश्वविद्यालय की गाइडलाइन के अनुरूप ही परीक्षा कराने के निर्देश दिए ताकि नकलविहीन व पारदर्शी तरीके से परीक्षा हो सके। इस दौरान प्रो. प्रदीप कुमार, शैलेष तिवारी आदि मौजूद रहे।