महोबा। माध्यमिक स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं अब जैव विविधता को नजदीक से जान सकेंगे। विद्यार्थियों को कीट पतंगों की जैव विविधता के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ताकि, बच्चों में इसको लेकर उत्सुकता बढ़ सके। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव ने निर्देश जारी किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जनपद में 15 राजकीय इंटर कॉलेज व 34 राजकीय हाईस्कूल का संचालन किया जा रहा है। इन स्कूलों में 60 हजार से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। जागरुकता कार्यक्रम में शामिल होने के लिए माध्यमिक स्कूलों के कक्षा छह से नौवीं तक के विद्यार्थी निशुल्क नामांकन कर सकते हैं। इन्हें वर्ल्ड वाइड एंड फॉर नेचर की ओर से ई-लर्निंग सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। जिसमें जैव विविधता से संबंधित विभिन्न पहलुओं से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया जाएगा। ई-लर्निंग सामग्री के माध्यम से छात्रों को कीट पतंगों आदि के बारे में बेहतर तरीके से जानकारी हासिल करने में आसानी होगी। छात्रों को जैव विविधता को लेकर जागृत करने के लिए यह पहल शुरू की गई है। क्षेत्र व जलवायु के हिसाब से पाए जाने वाले कीट पतंगों की उपलब्धता व उनके कार्य के बारे में भी बताया जाएगा।