स्कूल खुलने के बाद छुट्टी नहीं ले सकेंगे गुरुजी
स्कूल खुलने से 15 मिनट पहले तक मानव संपदा में करना होगा आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। परिषदीय विद्यालय के शिक्षक अब ऑनलाइन अवकाश लेने में मनमानी नहीं कर पाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने मानव संपदा पोर्टल पर बदलाव किया है। स्कूल खुलने के बाद शिक्षक को उस दिन के अवकाश के लिए विद्यालय खुलने के 15 मिनट पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यदि अति आवश्यकता पड़ती है तो बीईओ को सूचना देकर स्वीकृति लेनी होगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने बीएसए को भेजे पत्र में कहा है कि मानव संपदा पोर्टल को अपडेट कर दिया गया है। अभी तक शिक्षक पहले छुट्टियां ले लेते थे। इसका आवेदन बाद में करते थे। उसे विभाग भी स्वीकृति दे देता था। इस व्यवस्था में शिक्षक जब चाहे बीमारी व अन्य किसी कार्य को वजह बताकर छुट्टियां ले लेते थे। नई व्यवस्था में स्कूल खुलने के 15 मिनट पहले या उससे आगे की छुट्टियों के लिए मानव संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यदि कोई शिक्षक समय से स्कूल में उपस्थित हो जाता है और अचानक एक-दो घंटे बाद किसी कारणवश उसे उसी दिन छुट्टी की जरूरत पड़ती है तो उसे बीईओ को सूचना देकर स्वीकृति लेनी होगी। मेडिकल और प्रसव अवकाश के लिए नियम में बदलाव किए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्यभान ने बताया कि शिक्षकों के अवकाश के लिए मानव संपदा पोर्टल पर बदलाव किया गया है।जिससे अब स्कूल खुलने बाद शिक्षक अवकाश नहीं ले सकेंगे।