सिजहरी में रविवार को राजकीय हाईस्कूल के भवन का लोकार्पण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि रमेश यादव ने स्कूल की चहारदीवारी जिला पंचायत से बनवाने का एलान किया।
इन्हाेंने कहा कि तालाब की खुदाई के लिए शासन से मांग की जाएगी। इससे गांव को पेयजल समस्या से निजात मिल सके। ग्रामीणों की मांग पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने गांव को गोद लेने की घोषणा की।
लोकार्पण कार्यक्रम में रमेश यादव के कहा कि स्कूल की चहारदीवारी निर्माण के लिए जिला पंचायत धन मुहैया कराएगी। राजकीय इंटर कालेज खोले जाने के लिए भी शासन स्तर से प्रयास करेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष बाबू मंसूरी ने कहा कि सपा सरकार में समाजवादी पेंशन, कन्या विद्याधन, लैपटॅाप आदि योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। जिले के आला अधिकारियों के साथ गांव में खुली बैठक कराई जाएगी। इससे गांव की समस्याओं का समाधान हो सके।
लोकार्पण से पहले स्कूली छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजयपाल सिंह ने जनप्रतिनिधियों को माला पहनाकर स्वागत किया। रमेश यादव और बाबू मंसूरी ने हाईस्कूल में वर्ष 2012 से 2015 तक टाप करने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया। प्रधान वंदना राजपूत ने समस्याओं के समाधान के लिए पत्र सौंपा।
यहां रामदयाल नरवरिया, शाहपहाड़ी प्रधान शिवपाल, शिव कुमार राजपूत, मूरत सिंह, सुजान सिंह, देवदत्त शर्मा, नवीन गुप्ता, कालूराम, अजयपाल सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल पाठक मौजूद रहे। सिजहरी के पूर्व प्रधान जयदेव सिंह राजपूत ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।