सड़क किनारे पेड़ से टकराई स्कूलीसड़क किनारे पेड़ से टकराई स्कूली ।
- फोटो : अमर उजाला
महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में टूरिस्ट बंगला के पास मंगलवार को स्कूली मिनी बस असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। बस में सवार 9 स्कूली बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर पुलिस की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी गई।
शहर में बीजा नगर रोड पर स्थित संदीप मेमोरियल स्कूल महोबा में ग्राम टीकामऊ के 30 बच्चे स्कूली मिनी बस से पढ़ते आते हैं। मंगलवार को मौसम खराब होने के कारण गांव से मात्र 9 बच्चे ही बस से स्कूल गए। स्कूल से करीब एक किमी पहले हाईवे में टूरिस्ट बंगला के पास तेज रफ्तार बस असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। जिससे 9 बच्चे घायल हो गए। स्कूली बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर लगते ही अभिभावक घटनास्थल पर पहुंचे। बच्चों को सकुशल पाकर उनकी जान में जान आई।
दुर्घटना के बाद बस चालक भाग निकला। अभिभावक और मौके पर जुटी भीड़ बस चालक को तलाशती रही लेकिन उसका पता नहीं चला। अस्पताल में घायल बच्चे अपने मां-बाप को पुकारते रहे। घायलों में संदीप कुुमार (07), सुमित (09), रजत पटेल (10), पूजा (8), जितेंद्र वर्मा (10), किशन कुमार (11), अतुल (08), रोशन (09) व लोकेंद्र (08) शामिल है। उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। दुर्घटना में स्कूली मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।