श्रीनगर (महोबा)। मोदी सरकार के सात साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से आयोजित संगठन ही सेवा कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की ग्राम पंचायत सिजहरी के पदाधिकारियों व ग्रामीणों को वर्चुअल संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा में संक्रमण से बचाव को लेकर अच्छा काम हुआ है, जल्द ही जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा। तीसरी लहर को लेकर तैयारियां चल रही हैं, उससे भी डटकर मुकाबला करेंगे।
रविवार को विकास खंड कबरई के ग्राम पंचायत सिजहरी के ग्रामीणों को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। कार्यक्रम गांव के सामुदायिक मिलन केंद्र में आयोजित किया गया। सीएम ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजना का लाभ देश के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने कोरोना की पहली व दूसरी लहर का डटकर मुकाबला किया हैं। उन्होंने कहा कि साल 2014 में देश में केवल एक एम्स था और अब देश में 22 एम्स संचालित हैं प्रदेश में तीस मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं देश में आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाते हुए दो दो वैक्सीन बनाएं जिसका उपयोग कोरोना महामारी को हराने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी लहर को लेकर तैयारियां चल रहीं है। जिला अस्पतालों में पीडियाट्रिक आईसीयू तैयार किए जा रहे हैं। जिस तरह अभी दवा का वितरण किया जा रहा है इसी तरह बच्चों के लिए मेडिसिन किट वितरण किया जाएगा।
इस मौके पर ग्राम प्रधान नरेश राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, मंडल अध्यक्ष अनूप सोनी, बूथ अध्यक्ष जय सिंह राजपूत, ग्राम पंचायत अधिकारी अरविंद पाठक, एडीओ कोआपरेटिव गोपाल सिंह समेत भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
90 फीसदी ने कराया वैक्सीनेशन
ग्राम सभा सिजहरी में कोरोना की दूसरी लहर में 31 मरीज संक्रमित मिले। इसमें से 29 मरीज कोरोना से जंग जीत चुके दो लोगों की मृत्यु हुई है। गांव में 1400 लोगों को वैक्सीनेशन किया जाना था अभी तक प्रथम डोज 1198 लोगों को दी जा चुकी है दूसरी डोज 57 लोगों को दी जा चुकी है। सुपरवाइजर माया सोनी ने बताया कि गांव में 90 प्रतिशत लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है।