-कार्यालय से गायब मिलने पर सीडीओ ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। विकास भवन में संचालित भूमि संरक्षण विभाग के कार्यालय का बृहस्पतिवार को सीडीओ बलराम कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेई समेत छह कर्मचारी अनुपस्थित रहे। सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीडीओ बलराम कुमार भूमि संरक्षण विभाग के कार्यालय पहुंचे तो यहां कार्यरत आठ में से सिर्फ दो कर्मचारी महेशचंद्र व अशोक कुमार ही उपस्थित मिले। अवर अभियंता मनोज कुमार के रजिस्टर में हस्ताक्षर थे लेकिन वह कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले। जानकारी करने पर पता चला कि अवर अभियंता माह में दो-तीन दिन ही कार्यालय में उपस्थित होते हैं। इससे साफ है कि अवर अभियंता पूर्व से ही उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर बना देते हैं। वहीं, मुंशी सत्येंद्र मिश्रा, सहायक भूमि संरक्षण निरीक्षक नारायण सिंह, राज प्रताप सिंह, चतुर्थश्रेणी कर्मचारी गौरव कुमार अनुपस्थित मिले जबकि अनुरेखक राकेश कुमार गैरहाजिर थे और उनके आकस्मिक अवकाश संबंधी प्रार्थना पत्र अवर अभियंता ने स्वीकृत तो किया लेकिन किस दिनांक को स्वीकृत किया गया उसका उल्लेख नहीं मिला। सीडीओ ने अवर अभियंता समेत निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचरियों का 27 नवंबर के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।