महोबा। अल्पसंख्यक विभाग की ओर से शहर के राठ रोड पर नवीन जीजीआईसी के पीछे करीब 2.34 करोड़ की लागत से सदभावना भवन बनकर तैयार हो गया है। जिसे नगर पालिका महोबा को हैंडओवर किया गया है। पालिका की ओर से शीघ्र ही सदभावना भवन का संचालन किया जाएगा। ऐसे में अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी यहां से कम बजट में आसानी से हो सकेगी।
शहर में संचालित होटल व विवाह घर बेहद महंगे हैं। ऐसे में गरीब बेटियों की शादी-विवाह करने में परेशानी आती है। बड़े आयोजन या तो खुले मैदानों में करने पड़ते हैं या फिर महंगे होटल-मैरिज गार्डन करने पड़ते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए अल्पसंख्यक विभाग की ओर से शहर के राठ रोड पर वर्ष 2019 में 2.34 करोड़ की लागत से सदभावना भवन का निर्माण शुरू कराया था। कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएसएम निर्माण खंड प्रखंड चित्रकूट की ओर से यहां 147 मीटर लंबी बाउंड्रीबॉल, पांच बहुद्देश्यीय हॉल, एक डायनिंग हॉल, दो किचिन, दो स्टोर रूम, प्रसाधन कक्ष आदि का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रभारी अल्पसंख्यक अधिकारी कप्तान सिंह ने पालिका ईओ अवधेश कुमार को यह भवन हैंडओवर कराया है। जिससे अब सदभावना भवन का संचालन पालिका की ओर से किया जा रहा है। सामाजिक उत्सव, प्रीतिभोज व वैवाहिक कार्यक्रम के लिए सदभावना भवन स्थानीय लोगों को न्यूनतम किराए पर सुलभ होगा। इससे गरीब परिवारों की बेटियों की शादियां करने में आसानी होगी।