कस्बा श्रीनगर के इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक का ताला सुबह 11 बजे तक न खुलनेे से नाराज ग्राहकों ने जमकर हंगामा काटा। घंटों से लाइन में लग कर बैंक खुलने का इंतजार कर रहे लोगों ने बैंक प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। 11 बजे के बाद पहुंचे बैंक मैनेजर को भी घेर लिया।
थाना पुलिस ने लोगाें को समझा बुझा कर शांत कराया और लाइन में लगाकर लेनदेन शुरू कराया।शुक्रवार को इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा श्रीनगर के बाहर ग्राहकों की 10 बजे तक लंबी कतारें लग गईं। लेकिन बैंक नहीं खुला। तब नाराज लोगों ने बैंक के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। 11 बजे के
बाद पहुंचे बैंक मैनेजर से भी ग्राहकों की नोकझोंक हुई।ग्राहक प्रमोद कुमार, जगतसिंह, गिरजा शंकर, प्रतीम, सुनील कुमार, राजेंद्र, राजकुमार आदि ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन मनमानी कर रहा है। जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आक्रोशित
ग्राहकों को समझा बुझा कर शांत कराया। बैंक खुलते ही पुलिस ने ग्राहकों की लाइन लगवाकर लेनदेन का काम शुरू कराया।बैंक मैनेजर राजाराम वर्मा ने बताया कि एसबीआई से कैश देर से मिलने के चलते बैंक खुलने में कुछ देरी हो गई। बताया कि भरपूर कैश न मिलने से ग्राहाकों को पूरा पैसा नहीं मिल पा रहा है। डिमांड की अपेक्षा कम पैसा मिल रहा है।
होमगार्ड पर 16 हजार रुपये गायब करने का आरोप
इलाहाबाद बैंक श्रीनगर में एक लाख 20 हजार रुपये की नगदी जमा करने गए ग्राम भडंरा के चौकीदार पृथ्वीराज ने होमगार्ड पर 16 हजार रुपये गायब करने का आरोप लगाया है। पृथ्वीराज ने थाना श्रीनगर में सौंपी तहरीर में बताया कि वह इलाहाबाद बैंक में कैश जमा करने गया था। तभी गेट पर खड़े होमगार्ड पैसा जल्दी जमा कराने की बात कहते हुए पैसे ले लिए। उसे जो रसीद दी गई वह एक लाख चार हजार रुपये की थी। 16 हजार रुपये उड़ाने के बाद होमगार्ड मौके से भाग गया।
ग्राहकों की समस्या का निकाला हल
इलाहाबाद बैंक श्रीनगर में ग्राहकों की समस्या को कम करने के लिए कस्बे के वरिष्ठ नागरिकों ने नया तरीका निकाला है। समिति में शामिल रिटायर्ड शिक्षक सेवालाल वर्मा, ओमप्रकाश अग्रवाल, अनिल शुक्ला आदि ने शुक्रवार से बैंक के बाहर पहुंच सुबह आठ बजे से आने वाले ग्राहकों की रजिस्टर में इंट्री की और उसी हिसाब से पैसे का वितरण किया गया। जिससे लोगों को खासी राहत मिली।