मुकद्दस माह रमजान के शुरू होते ही इफ्तार पार्टियों का भी सिलसिला
तेज हो गया है। इस साल शुरूआत से ही इफ्तार पार्टी का आयोजन शुरू हो गया
है। इफ्तार पार्टियाें में मुस्लिमों के साथ हिन्दू भाई भी शिरकत कर रहे
है।
रमजान माह में एक नेकी के बदले सत्तर नेकियों का सवाब मिलता है, इसको देखते हुए लोग रमजान माह में ज्यादा से ज्यादा नेक कामों में पैसा खर्च करते हैं, जिससे उन्हें ज्यादा सवाब मिले। यही वजह है कि मुस्लिम भाइयों ने दिल खोलकर इफ्तार पार्टियों के आयोजन शुरू करा दिए हैं। जहां हर रोज कहीं न कहीं इफ्तार पार्टियों के आयोजन किया जा रहा है। जहां पर रोजेदारों की भारी भीड़ जुट रही है। ऊदल चौक में हर रोज इफ्तार पार्टी आयोजित हो रही है। यहां पर प्रतिदिन हिन्दू और मुस्लिम भाई एक साथ बैठक इफ्तार कर रहे हैं। इतना ही नहीं प्रतिदिन पांच से दस हिन्दू भाई रोजा भी रख रहे हैं।
इस दफा तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच करीब सोलह घंटे का रोजा होने के बाद भी प्रतिदिन बदल-बदल कर हिन्दू भाई भी रोजा रखकर आपसी भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। बुंदेली समाज से जुड़े तारा पाटकार, मुट्टन चच्चा लगातार रोजे रख रहे हैं। फतेह इलाही चौराहे पर मोहम्मद साजिद, तौसीफ अली, नदीम सहित कई लोगों ने मिलकर इफ्तार पार्टी आयोजित कराई, जहां पर हिन्दू मुस्लिम भाइयों ने शिरकत की। इसी तरह दरियापुरा, भटीपुरा, समदनगर में भी इफ्तार पार्टी आयोजित कराई गई हैं।