महोबा। महोबा डिपो से आरक्षी भर्ती परीक्षा में रोडवेज की अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसको लेकर डिपो प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में आठ, नौ और 10 जून को पांच केंद्रों में दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली में 2,064 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
महोबा डिपो के बेड़े में 137 बसें शामिल हैं जो हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, झांसी, जालौन, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, बलिया, बरेली, इटावा, दिल्ली आदि रूटों पर फर्राटा भरती हैं। आगामी तीन दिनों चलने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर डिपो प्रशासन तैयार है। दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसको लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
महोबा डिपो के प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, जालौन समेत अन्य रूटों पर आने-जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए पांच-पांच अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। अभ्यर्थियों की अधिकता व जरूरत पड़ने पर रूटों पर बसों की संख्या और फेरों को बढ़ाया जाएगा।