पनवाड़ी (महोबा)। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की महोबा डिपो की रोडवेज बस मंगलवार को पनवाड़ी के नायक तिराहा के पास खराब हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी इंतजार के बाद भी बस ठीक नहीं हुई जिसके बाद यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य तक भेजा गया।
बस महोबा से राठ जा रही थी। नायक तिराहा पनवाड़ी के पास बस के एक्सेल शाफ्ट की बैरिंग में खराबी आ गई जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी और चालक को बस रोकनी पड़ी। परिचालक ने यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की। महोबा डिपो से दूसरी बस मंगाई गई। सभी यात्रियों को उसमें स्थानांतरित कर रवाना किया गया। परिचालक श्याम सिंह ने बताया कि बस पनवाड़ी तक ठीक थी। नायक तिराहा के पास शाफ्ट की बैरिंग से तेज आवाज आने लगी। तकनीकी खराबी के कारण बस को आगे ले जाना सुरक्षित नहीं था। उन्होंने बस रोककर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देशराज ने बताया कि दूसरी बस भेजकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया गया।