महोबा। महोबा-खजुराहो मार्ग की सड़क गायब हो चुकी है। सड़क में गिट्टी, धूल और गड्ढे नजर आ रहे हैं। इसलिए अब जिले के लोगों को पर्यटन स्थल खजुराहो जाना आसान नहीं है। गड्ढायुक्त और धूल से लबरेज सड़क पर वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग सड़क का निर्माण कराने में कोई रूचि नहीं दिखा रहा है। जिससे लोगों में खासा आक्रोश हैं।
लवकुशनगर तिराहे से पुरा दिदवारा गांव तक करीब दस किमी सड़क के स्थान पर सिर्फ धूल और गड्ढे हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से आएदिन दोपहिया चालक गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। कुछ माह पहले सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी टैंपो में टक्कर मार दी। जिससे टैंपो में सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद भी जिला प्रशासन की नींद नहीं टूटी। मजबूरन लोग धूल खाते इस सड़क पर यात्रा कर रहे हैं।
विश्व पर्यटन स्थल खजुराहो जाने वाले पर्यटक महोबा से अब वाया रोड न जाकर ट्रैन से खजुराहो का सफर तय कर रहे हैं। सड़क के ठीक न होने से वाहन चालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस रोड पर ट्रकों की आवाजाही अधिक होने से लोगों को किसी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बीबी अग्रवाल का कहना है कि स्टीमेट बनाकर भेज दिया है। स्वीकृत होने के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
घरों में घुस रही धूल से जीना हुआ मुहाल
महोबा। खजुराहो मार्ग महीनों से उखड़ा होने के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने सड़क दुरुस्त करने की सुुध नहीं ली। नतीजतन गड्ढायुक्त मार्ग का डामर धीरे-धीरे पूरी तरह खत्म हो गया। इससे वाहन निकलने पर आसपास के बाशिंदों और दुकानदारों का जीना मुश्किल हो गया है। सड़क किनारे रह रहे लोगों के घरों के अंदर धूल पहुंचने से खानपान प्रदूषित हो रहा है। दुकानदार मुुंह में रूमाल बांधकर बैठ रहे हैं।