महोबा। पनवाड़ी-राठ मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सवार के नील गाय से टकराने में महिला की मौत हो गई और उसका मौसेरा भाई घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से झांसी रेफर किया गया है। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
हमीरपुर जिले के राठ थानाक्षेत्र के ग्राम मझौली निवासी विनीता (35) पत्नी राजेंद्र करीब दो माह से अपने मायके ग्राम करहराकला में रह रहीं थीं। शुक्रवार को वह मौसेरे भाई संतोष के साथ बाइक से ससुराल ग्राम मझौली जा रहीं थीं। तभी मार्ग पर पनवाड़ी थानाक्षेत्र के जमाला पहाड़ के पास अचानक सामने से एक नीलगाय आ गई।
बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वह नीलगाय से जा टकराई और उस पर सवार दोनों लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों नेे घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने विनीता को मृत घोषित कर दिया और संतोष को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि सिर पर चोट लगने की वजह से महिला की मौत हो गई। घटना से महिला के बच्चों मोहिनी (10), पिंकी (07), निशा (05) व पुत्र बौबी (03) का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।