महोबा। सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को सुबह साढ़े दस बजे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में नागरिकों के मूल अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में जागरुक करने के उद्देश्य से साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नागरिकों के मूल कर्तव्यों, अधिकारों एवं शिक्षा के अधिकारों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव विराट शिरोमणि की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। फास्ट ट्रैक कोर्ट के सिविल जज विवेक प्रजापति ने बच्चों को शिक्षा के अधिकार के संबंध में जानकारी दी और उन्हें उनके कर्तव्यों के बारे में जागरुक किया। कार्यक्रम का संचालन पराविधिक विश्वनाथ त्रिपाठी ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या बीना तिवारी ने भी छात्राओं को जागरुक किया। इस मौके पर तमाम शिक्षक, छात्राएं सहित अभिभावक मौजूद रहे। संवाद