चरखारी (महोबा)। जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जिसमें 56 शिकयतों में से महज 4 का मौके पर निस्तारण किया जा सका। समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें ऐसी रहीं जो फरियादी पूर्व में कई बार पहले भी शिकायतें दर्ज करा चुके हैं लेकिन उनका आज तक निस्तारण नही हो सका। जिससे वह हर बार शिकायत निस्तारण की आस में समाधान दिवस में पहुंच रहे हैं।
समाधान दिवस में शिकायतें दर्ज कराने के लिए सुबह से ही फरियादियों की भीड़ जुटी रही। सबसे ज्यादा शिकायतें पूर्ति विभाग व राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। सुनीता तिवारी निवासी सूपा ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके पति की दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह एक वर्ष से विधवा पेंशन, आवास व अंत्योदय कार्ड के लिए कई बार शिकायत दर्ज करा चुकी है लेकिन आज तक उसे कोई लाभ नही मिला। रामदीन साहू व आविद हुसैन ने दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह 2014 में रिटायर हो गए। उसे आज तक सामूहिक बीमा की धनराशि नहीं मिल सकी। जिससे नगर क्षेत्र के 14 अध्यापक परेशान हैं।
बमरारा निवासी गिल्ला अहिरवार ने दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह खेत में मकान बनाकर रहता है। दबंग लोगों ने चकरोड बंद कर दिया। जिससे निकलने में परेशानी होती है। एक वर्ष से लगातार शिकायत कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बसंत राजपूत सभासद ने मोहल्ला रायनपुर में पोल व लाइन पुरानी होने व आएदिन तार टूटकर गिरने से अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए लाइन दुरुस्त कराने की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर शिकायतें के निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक स्वामीनाथ, सीडीओ हीरा सिंह, सीएमओ डा. सुमन सिंह, एसडीएम राजेश कुमार यादव, तहसीलदार परशुराम पटेल सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।