महोबा। कारकदेव मंदिर से रेलवे ब्रिज तक सड़क का निर्माण कराने की मांग को लेकर आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील में प्रदर्शन कर विरोध जताया। बाद में उपजिलाधिकारी सदर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क का निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सभासद नरेंद्र कुशवाहा, मलखान और कुलदीप के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कारकदेव मंदिर से रेलवे ब्रिज तक सड़क कच्ची होने से ग्रामीणों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन स्कूल जाने वाले बच्चे कीचड़युक्त मार्ग में गिर जाते हैैं। जिससे उनकी ड्रेस और कॉपी-किताबें खराब हो जाती है।
दिसरापुर गांव के कई मरीज पक्की सड़क न होने के कारण गड्ढायुक्त मार्ग में ही अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुके हैं। इस बाबत अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया लेकिन आजतक समस्या का निराकरण नहीं हो सका। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ज्ञापन देने वालों सुंदर लाल, तुलसीदास, अखिलेश, बाबूलाल यादव, खेमचंद्र, उमाशंकर, भवानीदीन सहित तमाम ग्रामीण शामिल रहे।