हेराफेरी कर सरकारी जमीनों का बैनामा कराने, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में अदालत के आदेश पर कोतवाली चरखारी में चेयरमैन और उनके पति सहित दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
चरखारी नगर पालिका परिषद के अधीन सड़क किनारे पड़ी बेशकीमती नजूल की भूमि का साजिशन बैनामा कराकर धोखाधड़ी करने की शिकायत चरखारी कसबे के मोहल्ला भैरवगंज निवासी नफीस पुत्र लतीफ मोहम्मद ने जिलाधिकारी सहित तमाम आला अधिकारियों से की थी। उसने सिविल जज चरखारी के यहां प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। सिविल जज जूनियर डिवीजन चरखारी
ने मामले की सुनवाई करते हुए तीन दिन पहले कोतवाली प्रभारी चरखारी को चेयरमैन रुखसाना खातून उनके पति मुईनउद्दीन सहित दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। अदालत के आदेश पर सोमवार को कोतवाली चरखारी में चेयरमैन सहित दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।