हमीरपुर। रोडवेज डिपो में चालकों की कमी दूर करने के लिए अब हर महीने नियमित रूप से भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। साक्षात्कार और ड्राइविंग टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूरा करने पर संविदा पर चालक के पद पर नियुक्त किया जाएगा। युवा किसी भी कार्य दिवस में रोडवेज कार्यालय जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस अभियान का उद्देश्य डिपो में बसों का संचालन बेहतर करना और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। एआरएम आरपी साहू ने बताया कि चालक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में रोडवेज कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में ड्राइविंग टेस्ट कराया जाएगा। स्थानीय स्तर पर ड्राइविंग टेस्ट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को कानपुर के विकास नगर स्थित ड्राइविंग सेंटर पर अंतिम ड्राइविंग टेस्ट देना होगा। वहां सफल घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण पूरा होने पर संविदा चालक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।