चरखारी (महोबा)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी में सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित हुआ। जिसमें नीट की परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली विद्यालय की मेधावी छात्रा सौम्या त्रिवेदी को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ आचार्य जयकरण मिश्रा ने छात्रा को बधाई दी। कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन से प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सौम्या त्रिवेदी की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी ने कहा कि विद्यालय की प्रतिभावान छात्रा की यह सफलता पूरे विद्यालय व क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। छात्रा ने अपनी सफलता का अनुभव साझा किया। बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग से उन्हें यह सफलता मिली। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने व कभी हार न मानने का संदेश दिया।