महोबा। पात्र गृहस्थी व गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले कार्ड धारकों को मार्च माह में एक बार ही राशन मिला। दूसरी बार राशन पाने के लिए कार्डधारक सरकारी राशन दुकानों के चक्कर काटते रहे। समय से उठान न हो पाने से अब मार्च माह के राशन का वितरण अप्रैल माह में कराया जाएगा। ऐसे में कार्ड धारकों को अप्रैल माह में तीन बार राशन का लाभ मिलेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी ने बताया कि माह फरवरी व मार्च में चुनाव के चलते समय से आवश्यकता अनुसार डबल राशन और तेल, चना व नमक कम मिला। जिससे मार्च माह में एक बार ही राशन बांटा गया। माह मार्च का राशन अब दो अप्रैल से सरकारी राशन दुकानों में बांटा जाएगा। कोटेदारों को गोदाम से समय पर उठान के निर्देश दिए गए हैं। माह अप्रैल के राशन का वितरण 15 अप्रैल से और दूसरी बार का राशन 25 अप्रैल से वितरित किया जाएगा। माह अप्रैल में तीन बार कार्डधारकों को राशन मिलेगा।