महोबा। कोरोना महामारी को देखते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले के सभी अंत्योदय व पात्र गृहस्थी योजना के राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 5 किग्रा निशुल्क चावल का वितरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इसी माह 15 अप्रैल से ई-पॉस मशीन के माध्यम से राशन वितरण के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने बताया कि सभी अंत्योदय व पात्र गृहस्थी योजना के राशन कार्डधारकों को 15 अप्रैल से निशुल्क चावल का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कार्डधारकों से अपील करते हुए कहा है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए अपने संबंधित उचित दर की दुकान पर जाकर चावल प्राप्त कर लें।
यदि किसी प्रकार की समस्या हो, तो वह उचित दर दुकान पर मौजूद नोडल अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक से संपर्क का सकते हैं।डीएम ने जिले के उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे अपनी उचित दर दुकान नियमित रूप से खोलकर इस योजना का पर्याप्त प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को राहत वितरण नि:शुल्क होने की जानकारी हो सके।
अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी दोनों प्रकार के कार्ड धारकों को 5 किग्रा प्रति यूनिट के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अपनी उचित दर दुकान पर भी अनिवार्य रूप से नि:शुल्क चावल वितरण की सूचना का प्रदर्शन करना सुनिश्चित करें।