महोबा। झमाझम बारिश ने पालिका प्रशासन की पोल खोल दी। जगह-जगह जलभराव से यातायात बाधित रहा। जलनिकासी न होने से सड़कों पर तीन तीन फीट पानी भर गया। इससे दो पहिया वाहन चालकों को घूमकर यात्रा करनी पड़ी। पानी की वजह से तमाम लोगों की बाइक बंद हो गई। इससे उनको घसीटकर ले जाना पड़ा।पालिका प्रशासन ने नाला सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर दिए लेकिन नालों की स्थिति जस की तस बनी रही। यही वजह है कि शुक्रवार को हुई तेज बारिश से नाले उफना गए। इससे कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। इससे लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सड़कों पर दो घंटे तक पानी भरा रहने से यातायात व्यवस्था बाधित रही। इसी तरह पनवाड़ी कस्बे का तिवारीपुरा तालाब को पाटने से तालाब में जाने वाला पानी लोगों के घरों में घुस गया। उल्लेखनीय है कि हर साल पालिका प्रशासन द्वारा बारिश से पूर्व नालों की सफाई कराई जाती है जिससे नालों की पूरी सफाई होने से पहले ही बारिश शुरू हो जाती है। इससे नालों से जलनिकासी न होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। शहर में जगह जगह जलभराव हो जाता है और शहर की मुख्य सड़कों पर दो दो फीट पानी भरने से लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर नहीं जा पाते।
जोरदार बारिश से गंदगी से पट गई गलियां
मौसम की जोरदार बारिश से जगह जगह कूड़े के ढेर और गंदगी से लोगों का जीना दुशवार हो गया है। बारिश के बाद कूड़ों के ढेर से बस्ती के अंदर की गलियां गंदगी से पट गई। कीचड़युक्त रास्ते होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत मकुंदनगर, शेखूनगर और शीतला देवी नगर में देखने को मिली। यहां की कच्ची नालियां पानी के बहाव से समतल हो गई।