बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। रविवार को पूरा दिन बारिश होेने और बर्फीली हवाएं चलने से लोग घराें में दुबके रहे। जो लोग काम से बाहर निकले उन्हें जहां भी सिगड़ी और अलाव दिखा वहीं खड़े हो गए। वहीं श्रीनगर के ग्राम तिंदौली में ठंड की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई।
शनिवार को धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन रविवार को मौसम के बदले मिजाज ने उन्हें परेशान कर दिया। सुबह से शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट आ गई और शीत लहर भी चलती रही।
बारिश के कारण रविवार को छुट्टी के दिन भी लोगों की आवाजाही कम होने से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं ठंड और कोहरे के चलते रेल यात्री भी परेशान रहे। उधर ठंड की चपेट में आकर थाना श्रीनगर के ग्राम तिंदौली निवासी रामस्वरूप (70) की तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।