कस्बा कुलपहाड़ में बारिश से जलमग्न गलियां व घरों में घुसा पानी
- फोटो : MAHOBA
महोबा/कुलपहाड़। सप्ताह भर से मौसम का मिजाज बदला है। दो दिन से झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से खासी निजात मिली। खेतों में सूख रहे बीज के अंकुरित होने से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। कस्बा कुलपहाड़ में दो घंटे की बारिश से गलियां जलमग्न हो गईं। हालांकि 50 से अधिक मकानों में पानी भरने से लोगों को परेशानी भी हुई। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से लोगों में आक्रोश है।
कस्बा कुलपहाड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम होने के बाद लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बस स्टैंड, मुख्य बाजार, राजपूत कॉलोनी समेत छह से अधिक मोहल्लों में शनिवार की सुबह हुई बारिश से गलियां जलमग्न हो गईं। घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को हजारों का नुकसान हुआ। कस्बे के मोहम्मद जमील, इरफान, प्रभाकर नामदेव आदि ने बताया कि कई बार नगर पंचायत प्रशासन को शिकायती पत्र देकर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई, लेकिन किसी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। इससे घरों में पानी भर रहा है। मुख्य बाजार में घुटनों तक पानी भरने से दुकानदार परेशान रहे।
कस्बा चरखारी और खरेला में भी शनिवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहे और बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। बारिश ने किसानों के चेहरों पर भी खुशी ला दी है। मूंगफली की बुआई के बाद लगातार बारिश होने से किसान खुश हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वैज्ञानिक मुकेश चंद्र का कहना है कि अभी तीन से चार दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। पिछले 24 घंटे में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिन किसानों ने खेतों में बीज डाल दिया है, वह खुश हैं लेकिन जिन किसानों ने अभी बुआई नहीं की है, वह मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं।