फोटो 17 एमएएचपी 14 परिचय-चेयरमैन प्रतिनिधि पूरनचंद कुशवाहा से नोंकझोंक करते प्रदर्शनकारी। संवाद
कबरई (महोबा)। नगर में घटिया और अधूरे निर्माण कार्यों के विरोध में मोहल्ला झलकारीबाई व रानी लक्ष्मीबाई नगर के लोगों ने मंगलवार को नगर पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी, मनमानी और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए लोग धरने पर बैठ गए। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
झलकारीबाई नगर निवासी पंकज यादव, हीरामणि कुशवाहा, रानी वर्मा, काजल साहू, शिवानी वर्मा, संगीता, नीरज, प्रेमा यादव आदि नगर पंचायत पहुंचे। आरोप लगाया कि मोहल्ले में नाली निर्माण के नाम पर ठेकेदार ने जरूरत से अधिक तोड़ फोड़ कर लोगों के भवनों को क्षति पहुंचाई। निर्माण कार्य में बालू की जगह प्रतिबंधित डस्ट व मानक से कम सीमेंट का इस्तेमाल किया गया। शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ और निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। इससे गंदा पानी लोगों के घरों व रास्तों में भर रहा है।
वहीं रानी लक्ष्मीबाई नगर की सभासद पिंकी वर्मा, छोटे रैकवार, धीरेंद्र, रविचंद्र आदि ने व्यायामशाला में दूसरे सार्वजनिक शौचालय के निर्माण पर सवाल उठाए। कहा कि व्यायामशाला परिसर में पहले से शौचालय मौजूद है। बावजूद इसके दूसरा शौचालय बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए निर्माण स्थल बदलने की मांग की। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि पूरनचंद्र कुशवाहा और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। शाम पांच बजे कार्यालय बंद होने पर प्रदर्शनकारी चले गए। चेतावनी दी कि समाधान न होने पर बुधवार से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
ईओ संजीव कुमार का कहना है कि भवनों का निर्माण हो जाने से नाली बनने में परेशानी आ रही है, इसलिए काम बंद किया गया है। अब सड़क काटकर नाली का निर्माण कराया जाएगा। वहीं व्यायामशाला में दूसरे शौचालय के निर्माण के संबंध में कहा कि शासन से स्वीकृति मिलने पर इसका निर्माण कराया जा रहा है।