महोबा। अधिवक्ता मुकेश कुमार पाठक आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी ब्लॉक प्रमुख कबरई छत्रपाल यादव की गैंगस्टर एक्ट के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर करीब 45 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। अब एसआईटी ब्लॉक प्रमुख के परिजनों व करीबियों की अन्य जनपदों की संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। एसडीएम राजेश कुमार यादव ने बताया कि शनिवार को ब्लॉक प्रमुख के परिजनों की कुर्क संपत्ति का मिलान कराया गया। शेष बची संपत्तियों को जल्द ही सीज कर नोटिस चस्पा कराया जाएगा।
समदनगर निवासी अधिवक्ता मुकेश पाठक से 60 लाख रुपये वसूलने और रिपोर्ट दर्ज कराने पर धमकाने से परेशान होकर अधिवक्ता ने 13 फरवरी को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में ब्लॉक प्रमुख, उसका भतीजा विक्रम यादव समेत सभी सात आरोपी अलग-अलग जेल में निरुद्ध हैं। सभी पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद डीएम ने इनकी संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे। अधिकांश स्थानों पर अधिकारियों ने संपत्तियों को सीजकर नोटिस चस्पा किया है। अब एसआईटी अन्य जनपदों में खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। कम समय में करोड़ों की संपत्ति कैसे अर्जित की इसकी भी जांच की जा रही है। 15 दिन से एसआईटी महोबा में अधिवक्ता मामले की जांच कर रही है। जल्द ही एसआईटी विवेचना पूरी कर रिपोर्ट सौंपेगी।