महोबा। जिला उप कारागार में शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने तंबाकू के सेवन से बचने और उसके दुष्प्रभाव बताए। इस दौरान बंदियों व कैदियों को तंबाकू-ध्रूमपान का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और विधिक सेवा प्राधिकरण के सयुंक्त तत्वावधान में आयोजित गोष्ठी में अपर जिला जज तेंद्रपाल ने कहा कि किशोरावस्था में तंबाकू का सेवन करने से नपुंसकता हो जाती है। तंबाकू के सेवन से हृदय रोग, मधुमेह, टीबी, लकवा, दृष्टिविहीनता, फेफड़े के रोग व सांस संबंधी रोग हो जाते हैं। डॉ. योगेंद्र सिंह ने कोटपा अधिनियम और तंबाकू से होने वाले हानियों व धूम्रपान छोड़ने के बारे में जानकारी दी। कहा कि अधिनियम का पालन न करने पर सजा या जुर्माने का प्रावधान है। नैदानिक मनोवैज्ञानिक अंकिता गुप्ता ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए टोल फ्री नंबर 1800112656, टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर 14416 और मन कक्ष हेल्पलाइन नंबर 7309724176 पर कॉल कर जानकारी ले सकते हैं। इस मौके पर मनो चिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमदास आदि मौजूद रहे।