महोबा। ब्लॉक कबरई में सरकारी योजनाओं की प्रगति व भौतिक सत्यापन नियोजन विभाग के विशेष सचिव अमित सिंह बंसल ने शुक्रवार को किया। विशेष सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि ब्लॉक कबरई में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नवजात शिशुओं की लंबाई व वजन मापने के लिए क्रियाशील उपकरणों, बाल सुलभ पेयजल व बाल मैत्रिक शौचालय की स्थिति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, संगिनी और सुपरवाइजर की तैनाती का सत्यापन किया जाएगा। कहाकि आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड वितरण की प्रगति बढ़ाई जाए। कृषि विभाग की ओर बताया गया कि ब्लॉक क्षेत्र में 13 एफपीओ संचालित हैं। उन्होंने यूनिसेफ के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण पर जाने से पहले संबंधित विभाग से समन्वय कर रिपोर्ट लें और अपनी रिपोर्ट से मिलान करें। जो गैप मिले उसे स्पष्ट करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजें।
बैठक में डीएम गजल भारद्वाज, एडीएम राम प्रकाश, सीडीओ हरेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. आशाराम, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम आदि मौजूद रहे।