महोबा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के अंतर्गत जनपद में 21 मार्च से मातृ वंदना सप्ताह की शुरुआत होगी। इस योजना में महिलाओं को पहली बार गर्भवती होने पर पोषण के लिए तीन किस्तों में पांच हजार रुपए की धनराशि दी जाती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुधाकर पांडेय ने बताया कि शासन ने मातृ वंदना सप्ताह के अंतर्गत पंजीकरण शिविर और बैकलॉग निस्तारण शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया है। शिविर के जरिए वार्षिक पंजीकरण लक्ष्य के साथ लंबित प्रकरणों का भी निस्तारण किया जाएगा। 21 से 27 मार्च तक आयोजित सप्ताह में विशेष रूप से बैकलॉग, लंबित किस्तों का निस्तारण किया जाएगा। साथ ही नए आवेदन फार्म भरे जाएंगे।
पीएमएमवीवाई योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक अमित मिश्रा ने बताया कि जनपद में लगातार लाभार्थियों की किस्तों का भुगतान किया जा रहा है। इस वित्तीय वर्ष में जनपद में 98 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। निर्धारित लक्ष्य 24508 के सापेक्ष 24235 गर्भवती, धात्री महिलाओं को लाभ दिया जा चुका है। 21 मार्च से शुरू होने वाले अभियान में पहली बार गर्भवती होने वाली महिलाओं के ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को कुल पांच हजार रुपए की धनराशि तीन किस्तों में दी जाती है। रजिस्ट्रेशन होते ही गर्भवती के खाते में एक हजार रुपए की किस्त भेज दी जाती है। प्रसव पूर्व होने वाली जांच कराने के बाद दो हजार और प्रसव के साढ़े तीन माह के बाद दो हजार रुपए की तीसरी किस्त दी जाती है।