चरखारी (महोबा)। कस्बे के उप डाकघर में नौ माह से बकाया चल रहे बिजली का बिल न जमा होने पर कनेक्शन काट दिया गया।
इससे तीन दिनों से उप डाकघर में बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली के अभाव में इलेक्ट्राॅनिक उपकरण शोपीस बने हैं और आधारकार्ड, रजिस्ट्री, जमा निकासी आदि कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
उप डाकघर की ओर से 30 हजार रुपये का बकाया बिजली बिल जून 2024 से जमा नहीं किया गया। बिजली विभाग ने उप डाकघर का कनेक्शन काट दिया है। तीन दिन से विभागीय कर्मचारी व अधिकारी हाथ पर हाथ रखे बैठें हैं और विभागीय कार्य पूरी तरह बाधित है।
डाक से संबंधित काम नहीं हो पा रहा है। साथ ही खातों का लेनदेन भी बाधित है। कनेक्शन काटे जाने की सूचना उपडाकपाल ने डाक विभाग के अधीक्षक बांदा को दी है लेकिन उन्हें बिल अदा किए जाने की स्वीकृति नहीं मिली। उधर, अधीक्षक बांदा गयूर अहमद खां ने बकाया बिल जमा कराए जाने की बात कही है।