महोबा। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में वृद्धि से लोगों में आक्रोश है। सत्यमेव जयते संगठन के बैनरतले सोमवार को ऑटो चालकों ने कलक्ट्रेट पर खाली गैस सिलिंडर लेकर प्रदर्शन किया और पूरे दिन हड़ताल पर रहे। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इसमें डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस के बढ़े दामों को वापस लेने की मांग की।
सत्यमेव जयते संगठन व ऑटो यूनियन के अध्यक्ष विकास यादव के नेतृत्व में 50 से अधिक ऑटो चालकों ने सोमवार को बैठक कर हड़ताल पर जाने का फैसला लिया। इसके बाद खाली गैस सिलिंडर लेकर कलक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
डीएम सत्येंद्र कुमार को ज्ञापन देकर पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य कम किए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में भारत, आकाश, रसिका, दयाशंकर, सुखदेव, मुकेश, आबिद, रामसेवक, विपिन आदि शामिल रहे। उधर, आटो चालकों की हड़ताल से लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत हुई।