डीएम को ज्ञापन देते बसपा पदाधिकारी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। हाथरस कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग के समर्थन में बहुजन क्रांति मोर्चा ने शहर के आंबेडकर पार्क में धरना देकर प्रदर्शन किया। वहीं भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें दरिंदों को फांसी देने की मांग की गई। बहुजन क्रांति मोर्चा के जिला संयोजक बृजेंद्र गौतम की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क में धरना दिया।
जिला संयोजक ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराए जाने व एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।
इस मौके पर हरीराम बौद्घ, शिव बदन यादव, मीरा कुशवाहा, के के गौतम, अरविंद साहू, शंकर कुशवाहा, रामसहाय समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं भीम आर्मी के नगर अध्यक्ष सागर वर्मा की अगुवाई में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार धनराज कुमार को सौंपा। इस मौके पर रिचनेश वर्मा, अमित कुमार, महेंद्र, मनोज कुमार आदि थे।
बसपाइयों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन महोबा। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर बसपाइयों ने शनिवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को सौंपा।
इसमें हाथरस की युवती व बलरामपुर की बेटी के साथ हुए अमानवीय कृत्य की निंदा की। बसपा जिलाध्यक्ष गंगा दीन अहिरवार ने ज्ञापन में पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।