महोबा। चुनाव तिथि घोषित होने के बाद जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। दावेदारों ने अपनी गोटियां बिछानी शुरू कर दी है। जिससे वह ब्लाक प्रमुख की कुर्सी तक पहुंच सके।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चार ब्लॉक में 345 क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने ब्लाक प्रमुख चुनाव कराने के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि चारो ब्लॉक में सहायक निर्वाचन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिसमें कबरई ब्लॉक में एसडीएम मो. अवेश व जिला दिव्यांगजन अधिकारी सुधीर कुमार त्यागी, पनवाड़ी ब्लाक में एसडीएम राकेश कुमार व जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, चरखारी ब्लॉक में एसडीएम पीयूष जायसवाल और सहा. अभियंता राजेश कुमार, जैतपुर ब्लॉक में एसडीएम सुथान अब्दुल्ला व समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार को नामित किया गया है। 10 जुलाई को 345 क्षेत्र पंचायत अपने मताधिकार का प्रयोग कर ब्लॉक प्रमुख चुनेंगे।
चारों ब्लॉक में आरक्षण की स्थिति:
विकास खंड का नाम - आरक्षण की स्थिति
चरखारी- पिछड़े वर्ग की महिलाएं
जैतपर- पिछड़ा वर्ग
कबरई- सामान्य (अनारक्षित)
पनवाड़ी- अनुसूचित जाति की महिलाएं